साकीनाका बाइक चोरी खुलासा में दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 23.68 लाख की 11 स्पोर्ट्स बाइक बरामद
मुंबई: आतिश तिवारी
मुंबई के साकीनाका पुलिस थाने ने संगठित रूप से स्पोर्ट्स बाइक चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर 23 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की 11 स्पोर्ट्स मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए कुल 15 अपराधों का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। इस प्रभावी कार्रवाई से मुंबई शहर एवं उपनगरों में सक्रिय वाहन चोरी गिरोह पर निर्णायक प्रहार हुआ है।
दिनांक 22 नवंबर 2024 को प्रातः 10:45 बजे से सायं 06:30 बजे के मध्य बिलाल मस्जिद, मंगत नगर, अंधेरी घाटकोपर लिंक रोड, साकीनाका क्षेत्र से यामाहा कंपनी की स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-03-डीके-9648 अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी कर ली गई थी। शिकायतकर्ता की लिखित तक्रार पर साकीनाका पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1096/2024 भारतीय दंड संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए मोटर वाहन चोरी प्रतिबंधक पथक तथा अपराध अन्वेषण पथक ने तकनीकी विश्लेषण, गोपनीय सूचना संकलन एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को तीव्र गति दी। जांच के दौरान आरोपी मिराज उर्फ बलाल मोहम्मद यूसुफ शेख, आयु 22 वर्ष, निवासी टाकुपाड़ा, किरवली रिजर्व, दहिसर नाका, ठाणे, मूल निवासी जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके सहयोगी उमेर अमीन शेख, आयु 20 वर्ष, निवासी श्रीराम भवन, मालवणी रोड, गुरु कंपाउंड, मुंबई को भी हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों से योजनाबद्ध तरीके से स्पोर्ट्स बाइक चोरी कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 11 मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 23 लाख 68 हजार रुपये है, बरामद कीं।
जांच में यह तथ्य भी उजागर हुआ कि आरोपियों ने कुल 15 मोटर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इनमें से 10 अपराध साकीनाका पुलिस थाने में तथा शेष अपराध डी.एन. नगर, कुर्ला, मानखुर्द सहित अन्य पुलिस थानों में पंजीकृत थे। सभी प्रकरणों का सफलतापूर्वक खुलासा कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
यह उल्लेखनीय कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त श्री देवेन भारती के नेतृत्व तथा सह पुलिस आयुक्त श्री सत्यनारायण चौधरी के मार्गदर्शन में, संबंधित उपायुक्त एवं वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के निर्देशन में संपन्न हुई। साकीनाका पुलिस की इस सशक्त, प्रभावी एवं परिणामकारी कार्रवाई ने वाहन चोरी पर कठोर प्रहार करते हुए महानगर में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का कार्य किया है।

