पुणे में ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, ₹28 लाख का माल जब्त

पुणे: पुणे शहर में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वानवडी पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम अक़रम अजीज शेख (निवासी गुलटेकड़ी, पुणे) बताया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वानवडी पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस कानून के तहत दर्ज मामले में आरोपी अक़रम शेख फरार था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह कैंप इलाके में आने वाला है। इसके आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे बेहद सतर्कता के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को 920 ग्राम नशीला पदार्थ (सफेद पाउडर) बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹27.60 लाख बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और 7 जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं।

कुल जब्त माल की कीमत ₹28 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अब जब्त किए गए ड्रग्स के प्रकार, उसके स्रोत और वितरण नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस ने आशंका जताई है कि आरोपी अक़रम शेख किसी बड़े ड्रग रैकेट से जुड़ा हो सकता है और इसी एंगल से आगे की जांच जारी है।

यह पूरी कार्रवाई पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पुलिस सह आयुक्त रंजनकुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त मनोज पाटील, पुलिस उपायुक्त राजलक्ष्मी शिवणकर, सहायक पुलिस आयुक्त नम्रता देसाई और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संगीता जाधव के मार्गदर्शन में की गई।

इस ऑपरेशन को सहायक पुलिस निरीक्षक उमाकांत महाडिक, पुलिस उपनिरीक्षक अल्फाज शेख, पुलिस हवालदार दया शेगर, महेश गाडवे, अमोल पिलाने, पुलिस अमलदार अभिजीत चव्हाण, गोपाल मदने, अशरद सय्यद, अनिल गायकवाड, बालाजी वाघमारे, विष्णु सुतार, विठ्ठल चौगुले, आशिष कांबले, राहुल माने, महिला पुलिस अमलदार सुषमा घोलवे और रक्षा राहुडकर की टीम ने अंजाम दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *