मुंबई: मुंबई के कांदिवली (पश्चिम) इलाके में ATM कैश वैन से लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी रकम बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को रात करीब 9:40 बजे, CSM इन्फोसिस्टम लिमिटेड कंपनी की ATM कैश भरने वाली वैन राजकिरण को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी, एम.जी. रोड, कांदिवली (पश्चिम), मुंबई स्थित ATM पर नकदी भरने पहुंची थी। इसी दौरान कंपनी के ही एक कर्मचारी ने अन्य गार्ड और कर्मचारियों को चकमा देकर वैन में रखे दो बैग में मौजूद कुल ₹63,13,600 रुपये चोरी कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कांदिवली पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी एक लाल रंग की मोटर कार से फरार होता हुआ दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पीछा किया, जो महाड, जिला रायगढ़ की दिशा में भाग रहा था।
पुलिस टीम ने MH-14 CK-7359 नंबर की हुंडई i20 कार को गांव बाबली, नागोठणे, तहसील पेन, जिला रायगढ़ के पास रोककर आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ₹62,74,100 रुपये नकद बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की मदद करने वाले उसके साथी को भी तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सुशांत दीपक कसारे (उम्र 32 वर्ष) निवासी गोरेगांव (पश्चिम), मुंबई शामिल है, जिसने वारदात को अंजाम दिया। इसके अलावा सुफियान रज्जब अली (उम्र 23 वर्ष) निवासी गोरेगांव (पश्चिम), मुंबई को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने आरोपी को वाहन उपलब्ध कराया था।

इस कार्रवाई को अपर पुलिस आयुक्त शशिकांत मीना (उत्तर प्रादेशिक विभाग, मुंबई), पुलिस उपायुक्त संदीप जाधव (परिमंडल-11, मुंबई) तथा सहायक पुलिस आयुक्त नीता पाडवी (मालवणी विभाग, मुंबई) के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक करण सोनकवडे के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में की गई।
इस ऑपरेशन में पुलिस निरीक्षक शेखर शिंदे, सहायक पुलिस निरीक्षक सोहन कदम, सहायक पुलिस निरीक्षक प्रणित पारधी, पुलिस उपनिरीक्षक श्रीकांत मगर, पुलिस उपनिरीक्षक नारायण खाडे, पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र चव्हाण, पुलिस उपनिरीक्षक मनोज गदळे, पुलिस उपनिरीक्षक प्रमोद दळवी, पुलिस उपनिरीक्षक अशोक गोटमुकले, पुलिस हवलदार सुनील शिंदे, पुलिस शिपाई योगेश हिरेमठ, पुलिस शिपाई सचिन कदम, पुलिस शिपाई महेश माळी, तथा पुलिस उपनिरीक्षक अमित धुमाळ (मालवणी पुलिस स्टेशन), पुलिस उपनिरीक्षक निलेश पाटील (एमएचबी पुलिस स्टेशन), पुलिस शिपाई आदित्य राणे (परिमंडल-11 कार्यालय) और पुलिस शिपाई आकाश पोळ (त्वरित प्रतिसाद पथक, मुंबई) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुंबई पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी की अधिकांश रकम बरामद हुई है, बल्कि एक गंभीर अपराध का खुलासा भी बेहद कम समय में कर लिया गया है, जिससे पुलिस की सतर्कता और कार्यकुशलता एक बार फिर सामने आई है।

