मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन: बांद्रा स्नैचिंग गैंग बेनकाब

मुंबई: आतिश तिवारी

मुंबई पुलिस ने एक बार फिर तेज, सटीक और तकनीकी कार्रवाई का परिचय देते हुए बांद्रा पश्चिम में सक्रिय मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है। बांद्रा पुलिस स्टेशन की अपराध शाखा ने मोटरसाइकिल से झपटमारी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल एक नाबालिग लड़की के मामले में कानून के अनुसार विधि संघर्षग्रस्त बालक की प्रक्रिया अपनाई गई है। नाबालिग की पहचान कानूनन गोपनीय रखी गई है।

यह मामला बांद्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR क्रमांक 18/2026 से जुड़ा है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(a) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। घटना 18 जनवरी 2026 की तड़के लगभग 4:15 बजे पाली रोड, टर्नर रोड के पास 145 पब के सामने घटी, जब एक नागरिक मेडिकल से दवा लेकर लौट रहे थे। उसी दौरान पीछे से आए आरोपियों ने सुनियोजित और बेहद पेशेवर तरीके से उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस पश्चिम प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त परमजीत सिंह दहिया और पुलिस उपायुक्त परिमंडल-9 दिक्षित गेडाम के मार्गदर्शन में जांच को प्राथमिकता दी गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र साळुंखे और पुलिस निरीक्षक (अपराध) अजय लिंगनुरकर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। अपराध प्रकटीकरण अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक विजय आचरेकर और उनकी टीम ने घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों तक के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया।

लगातार ट्रैकिंग के बाद आरोपी की गतिविधियां दादर पूर्व रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सामने आईं। सरकारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान कर वहां सघन निगरानी रखी गई। कुछ समय बाद जैसे ही आरोपी मोटरसाइकिल के पास पहुंचा, पुलिस टीम ने तत्परता से उसे हिरासत में ले लिया। महिला आरोपी के नाबालिग होने के कारण स्थानीय महिला पुलिस की सहायता से विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद वली सैयद शहा उर्फ मुल्ला (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें से एक मोबाइल इसी मामले के शिकायतकर्ता का पाया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि बरामद मोबाइल फोन बांद्रा पुलिस स्टेशन के अन्य मामलों के साथ-साथ रफी अहमद किडवाई मार्ग पुलिस स्टेशन की सीमा में दर्ज रात की घरफोड़ियों से जुड़े हैं।

मुंबई पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आरे कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज प्रकरण भी शामिल है, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की पुष्टि होती है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल सहित कुल 1.58 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।

नाबालिग आरोपी के संबंध में उसके माता-पिता द्वारा जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई है। मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य वारदातों से संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

मुंबई पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि शहर में सक्रिय स्नैचिंग और स्ट्रीट क्राइम करने वाले अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *