अंधेरी पुलिस का खुलासा, 18 लाख की चोरी की बाइक जब्त

तीन आरोपी गिरफ्तार, मुंबई–ठाणे–नवी मुंबई से जुड़े कई केस सुलझे

मुंबई: आतिश तिवारी 

मुंबई के अंधेरी पुलिस थाने ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्पोर्ट्स और प्रीमियम मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 18 लाख रुपये कीमत की चोरी की गई कई दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल चोरी होने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर अंधेरी पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे और नवी मुंबई के विभिन्न इलाकों से चोरी की गई मोटरसाइकिलों की जानकारी दी। इसके बाद अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों से कई महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनके संबंध पहले से दर्ज अपराधों से पाए गए हैं।

इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *