मुंबई: आतिश तिवारी
मुंबई पुलिस ने कारों का शीशा तोड़कर लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। अंबोली पुलिस स्टेशन की टीम ने सटीक जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर इस गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ₹3.25 लाख मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की है।
यह मामला 29 सितंबर 2025 की रात का है, जब अंधेरी पश्चिम स्थित सब टीवी लेन, न्यू लिंक रोड क्षेत्र में पार्क की गई एक मोटर कार का शीशा तोड़कर आरोपियों ने लैपटॉप, चार्जर, बैग और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में अंबोली पुलिस स्टेशन में गु.र.क. क्रमांक 69/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 324(2) और 23 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबोली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और गोपनीय सूचना के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद स्थान बदलते रहते थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने करीब 700 किलोमीटर तक पीछा करते हुए तमिलनाडु क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश उर्फ गौतम चंद्रेश नायर (32 वर्ष), जय कुमार विलासनी (28 वर्ष) और सदा विरामनी नायर (36 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी सुनसान इलाकों में पार्क की गई कारों को निशाना बनाते थे, शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी करते थे और चोरी किया गया माल तमिलनाडु में अपने संपर्कों के माध्यम से बेच देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के लैपटॉप, चोरी में प्रयुक्त सेफ्टी हैमर, लोहे की रॉड, पेपर स्प्रे तथा वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की मोटरसाइकिल (क्रमांक DL3SFH7463) जब्त की है। जब्त की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत ₹3.25 लाख बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मुंबई के ईस्ट जोन, नवी मुंबई आयुक्तालय क्षेत्र के चार पुलिस थानों तथा मीरा-भायंदर आयुक्तालय क्षेत्र के छह पुलिस थानों सहित कुल 18 चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिसके बाद संबंधित पुलिस थानों को आवश्यक जानकारी दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त श्री देवेन भारती, माननीय संयुक्त पुलिस आयुक्त श्री सत्यनारायण चौधरी, माननीय अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री परमजीत सिंह दहिया, माननीय पुलिस उपायुक्त सर्किल-9 श्री दीक्षित गेदम तथा छठे पुलिस उपायुक्त श्री चंद्रकांत काटकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। अंबोली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद कोकाटे, पुलिस अधिकारी सचिन बंदगर (अपराध) और अंबोली पुलिस स्टेशन के उपायुक्त प्रदीप फुंडे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में शामिल गोरखनाथ पवार, शिल्पेश कदम, यादव मोरे, राजेंद्र चव्हाण, सचिन साखर और योगेश नरले की सतर्कता और कड़ी मेहनत से इस अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और इसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

