जोगेश्वरी-अंधेरी में पुलिस का बड़ा एक्शन
800 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये है।
मुंबई: आतिश तिवारी
मुंबई जोगेश्वरी और अंधेरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 800 ग्राम एमडी (मेफेड्रॉन) नामक खतरनाक मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को 5 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि जोगेश्वरी के आंबोली इलाके की मेमन कॉलोनी में एक व्यक्ति मादक पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर डी.एन. नगर पुलिस टीम ने मेमन कॉलोनी में छापा मारा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने फौजान अली अहमद तिकीटवाला (उम्र 33 वर्ष) नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी का कोई स्थायी व्यवसाय नहीं है और वह मेमन कॉलोनी, रूम नंबर E/21, फारुख हाईस्कूल के पास, जोगेश्वरी पश्चिम, मुंबई में रहता है।
पुलिस ने आरोपी के घर से 800 ग्राम एमडी (मेफेड्रॉन) बरामद की, जिसकी कीमत लगभग ₹40,00,000 आंकी गई है।
इस मामले में आंबोली पुलिस स्टेशन में गुन्हा रजिस्टर क्रमांक 194/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(क), 22(क) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच डी.एन. नगर पुलिस द्वारा की जा रही है।

यह सफल कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के मार्गदर्शन में की गई। इस ऑपरेशन में पुलिस सह आयुक्त (कानून व व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग) परमजित दहिया, पुलिस उप आयुक्त दिक्षीत गेडाम (परिमंडल-09, मुंबई), सहायक पुलिस आयुक्त कल्पना गाडेकर (डी.एन. नगर विभाग), वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र मचिंदर तथा पुलिस निरीक्षक संतोष चौधरी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक सुनीत घाडगे, पुलिस हवालदार संजय हळदे, पुलिस हवालदार बिपीन गायकवाड, पुलिस हवालदार मंगेश चव्हाण, पुलिस हवालदार मंगेश रांजणे, पुलिस हवालदार विनोद गायकवाड, पुलिस शिपाई धनाजी पांढरे, पुलिस शिपाई शशिकांत बांगर और पुलिस शिपाई प्रधान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से जोगेश्वरी-अंधेरी क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और इस मामले में आगे भी कई खुलासे होने की संभावना है।

