FDA ने 1.19 लाख किलो खाद्य तेल किया जब्त

बीड खाद्य तेल कार्रवाई: भेसळयुक्त तेल का बड़ा पर्दाफाश, 1.94 करोड़ का माल जब्त, 5 लाइसेंस निलंबित

बीड, 8 अगस्त 2026 | राज्य के नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही “सुरक्षित अन्न, सुरक्षित महाराष्ट्र” विशेष मुहिम के तहत अन्न व औषध प्रशासन (FDA) महाराष्ट्र ने बीड खाद्य तेल कार्रवाई के अंतर्गत जिले में एक बड़ी छापेमारी की है। 6 और 7 अगस्त 2026 को जिले में तेल रिपैकिंग और खुले (लूज़) तेल की बिक्री करने वाली पांच आस्थापनाओं पर छापे मारे गए। इस कार्रवाई में कुल 1 लाख 19 हजार 187.5 किलोग्राम भेसळयुक्त और निम्न गुणवत्ता वाला खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 94 लाख 50 हजार 922 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई अन्न व औषध प्रशासन के संयुक्त आयुक्त श्री. श्रीकांत करकळे और सहायक आयुक्त श्री. नितीन मोहिते के मार्गदर्शन और उपस्थिति में की गई।

बीड खाद्य तेल कार्रवाई का पूरा ब्यौरा

1. स्वागत ऑयल इंडस्ट्रीज, MIDC बीड (6 अगस्त 2026)

यहां एक ही टैंक के सोयाबीन तेल को ‘रिफाइंड’ और ‘अल्ट्रा रिफाइंड’ जैसे भ्रामक लेबल के तहत बेचा जा रहा था। बड़े पैमाने पर पुराने और दोबारा इस्तेमाल किए गए टिन के डिब्बों का प्रयोग हो रहा था। परिसर में गंदगी पाई गई, इन-हाउस लैब नहीं थी, COA (सर्टिफिकेट ऑफ एनालिसिस) नहीं था, फूड ग्रेड प्रमाणपत्र नहीं था, तथा मेडिकल व पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और तकनीकी स्टाफ भी नदारद था।

  • जब्त माल: 66,652.6 किलो खाद्य तेल, कीमत ₹1,05,85,236/-
  • नमूने: 10 एनफोर्समेंट सैंपल लिए गए
  • लोकल ब्रांड: स्वागत गोल्ड, गुडलक, स्वस्तिक गोल्ड अल्ट्रा
  • कार्रवाई: लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित, यूनिट सील

2. चरखा ऑयल मिल, MIDC बीड (6 अगस्त 2026)

यहां पामोलिन तेल की भ्रामक पैकिंग, पुराने डिब्बों का इस्तेमाल और अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं। लैब, COA, फूड ग्रेड सर्टिफिकेट और अन्य आवश्यक रिकॉर्ड अनुपस्थित थे।

  • जब्त माल: 45,995.7 किलो खाद्य तेल, कीमत ₹78,22,050/-
  • नमूने: 11 एनफोर्समेंट सैंपल
  • लोकल ब्रांड: शुभम, अनुज ड्रॉप्स, शुभम अल्ट्रा
  • कार्रवाई: लाइसेंस निलंबित, यूनिट बंद

3. जय हनुमान ट्रेडर्स, वडवणी, बीड (7 अगस्त 2026)

यहां पुराने डिब्बों का प्रयोग, गंदगी, लैब और प्रमाणपत्रों का अभाव तथा टैंक पर उचित लेबलिंग न होने की बात सामने आई।

  • जब्त माल: 4,545.2 किलो खाद्य तेल, कीमत ₹7,24,596/-
  • नमूने: 3 सैंपल
  • लोकल ब्रांड: सोहम रिफाइंड सोयाबीन तेल
  • कार्रवाई: लाइसेंस निलंबित, यूनिट बंद

4. जान्हवी कमर्शियल्स, जुनी मोंढा, माजलगाव (7 अगस्त 2026)

बिना लेबल का खुला (लूज़) तेल असुरक्षित तरीके से भंडारित पाया गया। बैच नंबर और COA मौजूद नहीं था, भंडारण टैंक भी अस्वच्छ थे।

  • जब्त माल: 1,746 किलो लूज़ रिफाइंड सोयाबीन तेल, कीमत ₹2,79,360/-
  • नमूने: 2 सैंपल
  • कार्रवाई: लाइसेंस निलंबित, यूनिट बंद

5. विनायक ऑयल इंडस्ट्रीज, जुनी मोंढा, माजलगाव (7 अगस्त 2026)

यहां भी खुले तेल का असुरक्षित भंडारण, पुराने डिब्बों का इस्तेमाल और रिकॉर्ड का अभाव पाया गया।

  • जब्त माल: 248 किलो लूज़ रिफाइंड सोयाबीन तेल, कीमत ₹39,680/-
  • नमूने: 1 सैंपल
  • कार्रवाई: लाइसेंस निलंबित, यूनिट बंद

कुल जब्ती — बीड खाद्य तेल कार्रवाई के आंकड़े

इन पांचों आस्थापनाओं पर हुई कार्रवाई में कुल 1,19,187.5 किलोग्राम खाद्य तेल, जिसकी बाजार कीमत ₹1,94,50,922 है, जब्त किया गया है।

नागरिकों से अपील

जनस्वास्थ्य और उपभोक्ता सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अन्न व औषध प्रशासन ने इन पांचों आस्थापनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद्य तेल खरीदें तथा पैकेजिंग पर दिए गए FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माण व एक्सपायरी तारीख और उचित लेबलिंग की जांच करके ही खरीदारी करें।

अन्न व औषध प्रशासन ने दोहराया है कि “सुरक्षित अन्न, सुरक्षित महाराष्ट्र” सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में ऐसी मुहिमें आगे भी जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *