मुंबई: भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के एक सब-इंजीनियर को 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल भालचंद्र वाणी के रूप में हुई है, जो बीएमसी के एफ/नॉर्थ डिवीजन के रेन वॉटर ड्रेनेज विभाग में कार्यरत था।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक निर्माण स्थल पर वाटर ड्रेनेज परमिशन देने के एवज में पहले 10 लाख रुपये की भारी रिश्वत की मांग की थी। रकम को लेकर हुए मोलभाव के बाद उसने 2.5 लाख रुपये में सौदा तय किया और भुगतान लेने के लिए सहमति दी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। शुक्रवार को जैसे ही आरोपी ने 2.5 लाख रुपये स्वीकार किए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया।
यह कार्रवाई न केवल सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार की गंभीरता को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ एजेंसियां कितनी सख्ती से कार्रवाई कर रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 27 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

