मुंबई: महाराष्ट्र साइबर विभाग ने बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की बेटी से जुड़े एक साइबर उत्पीड़न (ऑनलाइन परेशान करने) के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह घटना उस समय की है, जब उनकी नाबालिग बेटी ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी।
महाराष्ट्र साइबर विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यशस्वी यादव ने बताया कि गेम खेलते समय एक अनजान व्यक्ति ने पहले सामान्य और शिष्ट बातचीत शुरू की। लेकिन बाद में उसने बातचीत का रुख बदलते हुए अश्लील फोटो की मांग कर दी। यह एक तरह का साइबर अपराध है, जिसे सेक्सटॉर्शन का प्रयास माना जाता है।

अच्छी बात यह रही कि बच्ची ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए गेम बंद कर दिया और अपनी मां को इस बारे में बता दिया। इसके बाद परिवार द्वारा मामला पुलिस तक पहुंचाया गया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस घटना को लेकर एक कार्यक्रम में अक्षय कुमार ने खुद अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि शुरुआत में उस व्यक्ति के मैसेज बिल्कुल सामान्य और विनम्र लग रहे थे, जैसे “आप बहुत अच्छा खेल रहे हैं” या “धन्यवाद”। लेकिन धीरे-धीरे बातचीत का तरीका बदल गया और उसने अनुचित मांग रख दी।
अक्षय कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों को डिजिटल दुनिया के खतरों के बारे में जागरूक करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कई बार लोग बहक जाते हैं और बाद में उनसे पैसे वसूले जाते हैं या वे मानसिक रूप से परेशान हो जाते हैं।
इसी मुद्दे पर महाराष्ट्र साइबर विभाग ने एक कॉलेज में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया, जिसमें छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया सुरक्षा, फिशिंग और साइबर बुलिंग जैसी चीजों से बचने के तरीके बताए गए। अक्षय कुमार ने सरकार से यह भी अनुरोध किया कि स्कूलों में साइबर क्राइम से जुड़ी पढ़ाई शुरू की जाए, ताकि बच्चे समय रहते सतर्क रह सकें।

