मुंबई: विशेष संवाददाता
मुंबई में चोरी और गुम हुए मोबाइल फोनों को लेकर मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर की गई कार्रवाई में मुंबई से चोरी हुए कुल 1,650 मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।

तकनीकी जांच में यह सामने आया कि चोरी हुए मोबाइल उत्तर प्रदेश में सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस आयुक्त, बृहन्मुंबई के निर्देश पर 13 CEIR पथकों को उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में भेजा गया, जहां समन्वित कार्रवाई कर मोबाइल फोन जब्त किए गए।
मुंबई पुलिस की इस विशेष मुहिम के तहत अब तक कुल 33,499 चोरी और गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके मूल मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जिससे मोबाइल चोरी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें पुलिस आयुक्त बृहन्मुंबई, अपर पुलिस आयुक्त, पुलिस सह आयुक्त, पुलिस उप आयुक्त तथा साइबर अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। सभी परिमंडलीय CEIR नोडल अधिकारी और पथकों ने आपसी समन्वय से इस अभियान को सफल बनाया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराएं। साथ ही सेकंड हैंड मोबाइल खरीदते समय “संचार साथी” या KYM सेवा से मोबाइल की प्रामाणिकता जांचने की सलाह दी गई है।

