आचार संहिता में APMC चेक पोस्ट से 16.16 लाख नकद बरामद

नवी मुंबई: आतिश तिवारी 

नवी मुंबई महानगरपालिका सार्वत्रिक चुनाव 2025-26 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। इसी क्रम में नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा शहर के प्रवेश मार्गों और प्रमुख 9 स्थानों पर 24 घंटे निगरानी के लिए कुल 27 स्थिर निगरानी दल (SST टीम) गठित किए गए हैं।

महानगरपालिका आयुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी डॉ. कैलास शिंदे के निर्देशों तथा आचार संहिता कक्ष के मुख्य नियंत्रण अधिकारी श्री सुनील पवार के मार्गदर्शन में दिनांक 9 जनवरी को दोपहर करीब 12.30 बजे एपीएमसी मार्केट के पास स्थित चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई की गई।

वाहनों की नियमित जांच के दौरान आचार संहिता टीम ने रुपये 16 लाख 16 हजार की नकद राशि बरामद कर जब्त की। यह कार्रवाई आचार संहिता कक्ष के नोडल अधिकारी एवं उप आयुक्त डॉ. अमोल पालवे, परिवहन उपक्रम के मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी श्री तुषार दौंडकर तथा प्रशासनिक अधिकारी श्री संजीव पवार के नियंत्रण में की गई।

प्रशासन द्वारा जब्त नकद राशि के संबंध में आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान धन के अवैध उपयोग, प्रलोभन या मतदाताओं को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *