मुंबई पर आतंकी हमले का खतरा, शहर में हाई अलर्ट जारी

मुंबई पर आतंकी हमले का खतरा, शहर में हाई अलर्ट जारी

रिपोर्टर आशीष सिंह

मुंबई पर एक बार फिर आतंकी हमले का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन से मुंबई में आतंकी हमले की साजिश रची जा रही है। इस इनपुट के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में इस समय महानगरपालिका चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और सभी दल चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी बीच देश की आर्थिक राजधानी माने जाने वाले मुंबई को लेकर मिली इस चेतावनी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक, मुंबई को निशाना बनाकर सुनियोजित हमला किए जाने की आशंका है।

खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि कश्मीर या महाराष्ट्र के रास्ते विस्फोटक सामग्री के साथ आईएसआई समर्थित आतंकी हमले की योजना बनाई जा रही है। इस संबंध में सुरक्षा एजेंसियों को एक पत्र जारी कर अलर्ट किया गया है। इसके बाद हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले इलाकों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

अलर्ट के बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर गश्त बढ़ा दी है। पुलिसकर्मियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने और तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले दिल्ली में हुए एक विस्फोट में 15 लोगों की मौत हो गई थी और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। 10 नवंबर को लाल किले के पास एक कार में हुए विस्फोट ने पूरे देश को दहला दिया था। ऐसे में मुंबई को लेकर जारी की गई इस चेतावनी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद किया गया है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *