वर्सोवा पुलिस द्वारा 24 बांग्लादेशी गिरफ्तार, अवैध प्रवेश और तकनीकी जांच से बड़ा खुलासा
मुंबई : आतिश तिवारी
वर्सोवा पुलिस स्टेशन ने विशेष अभियान चलाकर 24 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया। शब-ए-बारात की रात शक्रुल्लाशाह दरगाह क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान संदेह के आधार पर कार्रवाई शुरू हुई। मोबाइल तकनीकी जांच, सीडीआर विश्लेषण और एटीसी टीम की सहायता से अंधेरी, माहिम और मालवणी से कुल 24 अवैध नागरिकों को हिरासत में लिया गया। संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन में विधिसम्मत कार्रवाई कर ‘रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर’ प्राप्त किए गए।

मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन ने अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध एक विशेष और उल्लेखनीय अभियान चलाते हुए 24 घुसपैठियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई 4 फरवरी 2026 को शब-ए-बारात की रात गश्त के दौरान प्रारंभ हुई, जब पुलिस दल शक्रुल्लाशाह दरगाह, जे.पी. रोड, वर्सोवा क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहा था।
गश्त के दौरान नौ तृतीयपंथी व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में आपस में बंगाली भाषा में बातचीत करते पाए गए। पूछताछ में उन्होंने स्वयं को भारतीय नागरिक बताया तथा कुछ ने अपने मोबाइल फोन में आधार कार्ड प्रदर्शित किए। तथापि उनकी गतिविधियों पर संदेह होने के कारण वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीमती दीपशिखा भाग्यश्री आव्हाड वारे के निर्देश पर उनके मोबाइल फोन की विस्तृत तकनीकी जांच की गई। जांच में बांग्लादेशी संपर्क क्रमांक तथा ‘ईमो’ अनुप्रयोग के माध्यम से विदेशी संपर्कों के प्रमाण प्राप्त हुए।
कड़ी पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्ति बिना वैध दस्तावेज, बिना निर्धारित वैधानिक मार्ग और बिना सीमा प्राधिकरण की अनुमति के बांग्लादेश से भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर मुंबई में रह रहे थे। 4 फरवरी को हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 5 फरवरी 2026 को म्हाडा कॉलोनी, अंधेरी पश्चिम से तीन अन्य बांग्लादेशी तृतीयपंथियों को गिरफ्तार किया गया।
मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण से माहिम क्षेत्र में भी अवैध रूप से निवास कर रहे नागरिकों की जानकारी मिली। 6 फरवरी 2026 को महिला पुलिस दल के साथ माहिम में छापेमारी कर छह और बांग्लादेशी तृतीयपंथियों को हिरासत में लिया गया। इसके पश्चात विशेष टीम और एटीसी दस्ते के सहयोग से 18 फरवरी 2026 को मालवणी नंबर 7, मालाड पश्चिम क्षेत्र से तीन और घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक स्वीकार किया।

इस व्यापक अभियान के अंतर्गत कुल 21 तृतीयपंथी, एक महिला और दो पुरुष सहित 24 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर वर्सोवा पुलिस स्टेशन में निगरानी में रखा गया है। 24 जनवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 की अवधि में कुल 25 बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए संबंधित प्राधिकारी को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया तथा आवश्यक ‘रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर’ प्राप्त किए गए।
दहशतवाद विरोधी पथक की इस कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक सचिन उगले, पुलिस उपनिरीक्षक मुकेश पाटिल, पुलिस हवालदार क्रमांक 960669 पवार, पुलिस हवालदार क्रमांक 030699 खोंडगे, पुलिस शिपाई क्रमांक 090974 जगदाळे, पुलिस शिपाई क्रमांक 113530 खैरनार, पुलिस शिपाई क्रमांक 140530 ठोंबरे, महिला पुलिस शिपाई क्रमांक 151513 निमसे तथा महिला पुलिस शिपाई क्रमांक 142638 भामरे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह संपूर्ण कार्रवाई माननीय अपर पुलिस आयुक्त, पश्चिम प्रादेशिक विभाग के मार्गदर्शन में तथा माननीय पुलिस उपायुक्त, परिमंडल 09 के निर्देशन में संपन्न हुई। डी.एन. नगर विभाग की सहायक पुलिस आयुक्त के पर्यवेक्षण में तथा दीपशिखा भाग्यश्री आव्हाड वारे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, वर्सोवा पुलिस स्टेशन के नेतृत्व में यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई। पुलिस निरीक्षक श्रीमती प्राजक्ता पवार का भी इस अभियान में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दीपशिखा भाग्यश्री आव्हाड – वारे ने स्पष्ट किया कि महानगर में अवैध घुसपैठ और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से निवास करनेवाले विदेशी नागरिकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। यह अभियान राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता का सशक्त उदाहरण है।

