मुंबई: आतिश तिवारी
पुलिस स्थापना दिवस के मौके पर मुंबई पुलिस ने नागरिकों के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन बृहन्मुंबई पुलिस आयुक्तालय में किया गया।
कार्यक्रम में दक्षिण प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अभिनव देशमुख प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। यह पहल परिमंडल-02 के पुलिस उपायुक्त डॉ. मोहितकुमार गर्ग के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरी की गई।
तकनीकी विश्लेषण से मिली बड़ी सफलता
परिमंडल-02 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पुलिस थानों के साइबर अधिकारी, अपराध प्रकटीकरण शाखा और जोनल साइबर लैब की टीमों ने संयुक्त रूप से काम करते हुए आधुनिक तकनीक और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से मोबाइल फोन का पता लगाया।
इस प्रयास में कुल 200 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किए गए। इन सभी मोबाइल फोन को संबंधित शिकायतकर्ताओं को औपचारिक रूप से सौंप दिया गया।
मोबाइल पाकर शिकायतकर्ताओं ने जताया आभार
अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने संतोष और खुशी जाहिर की। उन्होंने मुंबई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कार्यक्षमता और नागरिकों के प्रति संवेदनशील रवैये की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस ने दोहराया कि वह नागरिकों की सुरक्षा, उनकी संपत्ति और शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से बेहतर और तेज़ सेवा देने का कार्य लगातार जारी रहेगा।

